नयी दिल्ली , अप्रैल 30 -- केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लेह में आयोजित एक कार्यक्रम में इस क्षेत्र के लिए विभिन्न पहलकदमियों का उद्घाटन करेंगे जिनमें कारगिल में 10 हजार लीटर दैनिक क्षमता के एक दुग्ध संयंत्र का शिलान्यास भी होगा ।
सहकारिता मंत्रालय की गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार पहली मई को केंद्रीय बौद्ध अध्ययन संस्थान में इस उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह तथा लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना भी उपस्थित रहेंगे।
विज्ञप्ति के अनुसार लद्दाख में शुरू की जा रही पहलों से दूध प्रसंस्करण क्षमता को बढ़ाने, कोल्ड-चेन प्रणालियों को सुदृढ़ करने तथा स्थानीय डेयरी किसानों के लिए बाजार संपर्क को विस्तारित करने में मदद मिलेगी और डेयरी क्षेत्र की अवसंरचना सुविधाओं का विस्तार होगा परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास का साक्षी बनेगा।
इस कार्यक्रम में क्षेत्र में सहकारी डेयरी संचालन के आधुनिकीकरण हेतु डिजिटल एवं संस्थागत पहलों का भी शुभारंभ किया जाएगा। श्री शाह वहीं से कारगिल में 10 हजार लीटर दैनिक क्षमता वाले डेयरी प्लांट का शिलान्यास करेंगे तथा लेह में दही एवं पनीर उत्पादन सहित नई डेयरी प्रसंस्करण इकाइयों का उद्घाटन करेंगे। इसके अतिरिक्त, दूध के भंडारण एवं परिवहन अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए बल्क मिल्क कूलर प्रणाली का शुभारंभ किया जाएगा।
सहकारी क्षेत्र में डिजिटल सशक्तीकरण के विजन को और मजबूत करते हुए, खरीद प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने तथा किसानों को भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एंड्रॉयड-आधारित ऑटोमेटेड मिल्क कलेक्शन सिस्टम (एएमसीएस) एप्लिकेशन का शुभारंभ किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित