कोंडागांव , अगस्त 01 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने शनिवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोंडागांव में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा नौवीं की 107 छात्राओं को सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना के तहत निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया। इस दौरान विद्यालय में 10 नए कंप्यूटरों का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में विधायक उसेंडी ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने और पूरी लगन के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। बेटियों की शिक्षा से परिवार, समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है। उन्होंने कहा कि सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना और स्कूल छोड़ने की प्रवृत्ति को कम करना है।
उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं को अपनी पढ़ाई जारी रखने में सहूलियत होगी और वे आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों को हासिल कर सकेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित