चेन्नई , जून 30 -- तमिलनाडु के मयिलादुथुराई ज़िले के तरंगमबाड़ी तालुक के शांत गांव सथाकुडी में मंगलवार को एक प्रेमी जोड़े के शव फंदे से लटके मिले जो अलग-अलग जातियों से थे।
इससे एक दिन पहले ही लड़के के परिवार वालों पर लड़की के घर में तोड़-फोड़ और हिंसा करने का आरोप लगा था।
क्योंकि प्रेमी जोड़ा अलग-अलग जाति से था इसमे लड़की प्रभावशाली वन्नियार समुदाय से थी और लड़का दलित था, इसलिए पुलिस को शक है कि यह 'ऑनर किलिंग' का मामला हो सकता है। साथ ही, पुलिस आत्महत्या के पहलू से भी मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुडुप्पलयम का रहने वाला युवक दूसरे समुदाय की एक नाबालिग लड़की के साथ रिश्ते में था। जब दोनों के परिवारों को उनके रिश्ते के बारे में पता चला, तो परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया और सोमवार शाम को उनके बीच हिंसक झड़प हुई। तीखी बहस और कहासुनी के दौरान लड़के के परिवार ने कथित तौर पर लड़की के घर में तोड़फोड़ की और दोपहिया वाहनों समेत संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, जिससे इलाके में अशांति फैल गई।
दोनों पक्षों के बीच बढ़ते तनाव के बीच, आज लड़के और लड़की दोनों फांसी पर लटके पाए गए।
पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मयिलादुथुराई सरकारी अस्पताल ले गए। स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
दोनों की मौत से ऑनर किलिंग की आशंका बढ़ गई है, इसलिए पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है और मामले के संबंध में कई लोगों से पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित