शहडोल , मई 13 -- मध्यप्रदेश के शहडोल जिले की अमलाई थाना पुलिस ने एक लग्जरी कार से डेढ़ किलो से अधिक गांजा, दो देशी कट्टे और दो जिंदा कारतूस बरामद कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बीती रात अनूपपुर जिले की ओर से आ रही एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से एक किलो 567 ग्राम गांजा, दो देशी कट्टे तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने वाहन में सवार उदयभान जायसवाल, आशीष गुप्ता, कपिल सोनी, मोहम्मद युसूफ और प्रणव शर्मा से बरामद सामग्री के संबंध में वैधानिक दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने सभी आरोपियों को नारकोटिक्स एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जांच के दौरान कार से तीन अलग-अलग नंबर प्लेट भी बरामद हुईं। इनमें एक नंबर प्लेट पर 'जिला उपाध्यक्ष, विश्व हिन्दू परिषद' लिखा हुआ पाया गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित