कोलकाता , जून 16 -- कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अधिकारियों ने मंगलवार दोपहर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास की नापजोख की। यह कार्रवाई इस बात की जांच के लिए किये गये निरीक्षण का हिस्सा थी कि क्या यह संपत्ति स्वीकृत भवन नियमों के अनुरूप है।
नगर निगम अधिकारियों की एक टीम दोपहर एक बजे के तुरंत बाद कालीघाट के पटुआपारा इलाके में श्री बनर्जी के आवास पर पहुंची और नापने वाले फीते से संपत्ति के विभिन्न हिस्सों को नापना शुरू कर दिया।
निरीक्षण के दौरान श्री बनर्जी आवास पर मौजूद नहीं थे, क्योंकि वह विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान 'डीजे म्यूजिक' से जुड़ी कथित भड़काऊ टिप्पणी की जांच के सिलसिले में भवानी भवन में सीआईडी के सामने पेश होने के लिए सुबह करीब 11:45 बजे घर से निकल गये थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नगर निगम अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या इस इमारत का निर्माण स्वीकृत नक्शे और नगरपालिका के नियमों के अनुसार किया गया है।
सूत्रों ने बताया कि अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या चारदीवारी का कोई हिस्सा फुटपाथ पर तो नहीं बना है।
निरीक्षण के दौरान निगम कर्मियों ने संपत्ति की पिछली चारदीवारी पर लगे काले रंग के गेट की नापजोख की।
उन्होंने इमारत और फुटपाथ के बीच की दूरी की भी जांच की और ढांचे के चारों ओर छोड़ी गयी अनिवार्य खुली जगह का आकलन किया।
अधिकारी आवास से सटे एक सैलून में भी दाखिल हुए और वहां भी नापजोख की।
खबरों के मुताबिक, इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह तय करना था कि क्या इमारत और उसके आस-पास के ढांचे निर्धारित निर्माण मानदंडों के अनुरूप हैं।
निरीक्षण टीम के सदस्यों के पास कुछ दस्तावेज भी देखे गये, जो संभवत: स्वीकृत भवन योजना की नकल रही होंगी। सर्वे के दौरान उन्होंने इन दस्तावेजों का मौजूदा ढांचे से मिलान किया।
यह घटनाक्रम कोलकाता नगर निगम के हाल ही में श्री बनर्जी से जुड़े कई पतों पर जारी किए गये नोटिसों के बीच सामने आया है।
उन नोटिसों के बाद श्री बनर्जी के पिता अमित बनर्जी और मां लता बनर्जी ने कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख किया था। उन्होंने दलील दी थी कि 29-सी हरीश चटर्जी स्ट्रीट स्थित इस संपत्ति का निर्माण पूरी तरह से कानूनी तौर पर और सभी लागू नियमों के अनुसार किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित