मनेन्द्रगढ़ , मई 30 -- ) छत्तीसगढ़ में मनेन्द्रगढ़ शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती के कारण पेयजल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने से नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगर पालिका परिषद के पार्षद एवं जल प्रभारी सदस्य दयाशंकर यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। पार्षदों द्वारा कार्यपालन अभियंता, विद्युत विभाग को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि शहर में प्रतिदिन कई घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से चेन्नुपर स्थित नवीन इंटकवेल, हसदेव इंटकवेल तथा जलगृह (पानी टंकी) का संचालन प्रभावित हो रहा है। इसके चलते विभिन्न वार्डों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है और लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि भीषण गर्मी के दौरान बिजली कटौती के कारण जलापूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। कई इलाकों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाने से नागरिकों में असंतोष बढ़ रहा है। साथ ही जल संकट के चलते स्वच्छता संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने और बीमारियों के फैलने की आशंका भी जताई गई है। जनप्रतिनिधियों ने बताया कि चेन्नुपर स्थित नवीन इंटकवेल को वर्तमान में केल्हारी फीडर से विद्युत आपूर्ति मिल रही है, जहां बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या सामने आ रही है। उन्होंने मांग की है कि इंटकवेल को केल्हारी फीडर से हटाकर मनेन्द्रगढ़ शहर अथवा किसी शहरी फीडर से जोड़ा जाए, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था निर्बाध रूप से संचालित हो सके।

पार्षद दयाशंकर यादव, सरजू यादव, विनीत जायसवाल, रामधुन जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल, सुशील सिंह, सपन महतो, अजीमुद्दीन अंसारी तथा बृजेश जायसवाल ने विद्युत विभाग से एक सप्ताह के भीतर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। नगरवासियों ने भी बिजली और पानी की समस्या के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताते हुए कहा है कि गर्मी के मौसम में दोनों मूलभूत सुविधाओं की कमी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित