विदिशा , सितंबर 04 -- मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही अच्छी बारिश से सूखे का संकट फिलहाल टलता नजर आ रहा है। जिले में अब तक करीब 751 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि औसत वार्षिक बारिश करीब 1075 मिलीमीटर है। इस लिहाज से जिले को औसत वर्षा का आंकड़ा पूरा करने के लिए करीब 325 मिलीमीटर बारिश की और आवश्यकता है।
लगातार बारिश से शहर की कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश से किसानों और जलस्रोतों को राहत मिली है। खेतों में नमी बढ़ने से खरीफ फसलों को लाभ मिलने की संभावना है।
बारिश का असर जिले के प्रमुख जलाशयों पर भी पड़ा है। हलाली जलाशय करीब 76 प्रतिशत और संजय सागर जलाशय करीब 58 प्रतिशत भर चुका है। जलाशयों में पानी की आवक बढ़ने से आगामी दिनों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होने की उम्मीद बढ़ी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पांच सितंबर को मध्यप्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है, जिसमें विदिशा भी शामिल है। ऐसे में जिले में बारिश का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है।
हालांकि मौसम की आगे की स्थिति को लेकर अभी पूरी तरह राहत नहीं मानी जा सकती। मानसून की गतिविधियों में बदलाव और बारिश के पूर्वानुमानों के बीच आने वाले दिनों में वर्षा की स्थिति पर नजर बनी हुई है। फिलहाल लगातार हुई बारिश से किसानों और जल संसाधन विभाग को राहत मिली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित