उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग , जुलाई 19 -- उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से चारधाम यात्रा प्रभावित होने लगी है। रविवार को सुबह से मूसलाधार बारिश के चलते यमुना घाटी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से सड़क पर मलबा और बोल्डर आ गए हैं, जिससे यातायात बाधित हो गया है। स्यानाचट्टी और हनुमान चट्टी के बीच सड़क का हिस्सा कटाव की चपेट में आने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि मार्ग से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मशीनें मौके पर तैनात हैं और मौसम अनुकूल रहा तो दोपहर तक मार्ग को यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा।

उधर, केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। चीरबासा के पास पहाड़ी से लगातार मलबा और बोल्डर गिरने के चलते गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर घोड़ा-खच्चर संचालन बीते ही शुक्रवार सुबह से बंद कर दिया गया,जो शनिवार शाम तक भी बहाल नहीं हो सका। रविवार को भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित