सतना , अगस्त 31 -- मध्यप्रदेश में सतना जिले के चित्रकूट में लगातार हुई तेज बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारी बारिश के कारण मंदाकिनी नदी उफान पर आने से नदी के घाट पानी में बह गए और मंदाकिनी नदी को हनुमान धारा से जोड़ने वाला पुल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार और शनिवार की रात हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ के पानी से हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन की मदद से बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। कई कच्चे मकानों के पानी में बह जाने की भी जानकारी मिली है।

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर अब धीरे-धीरे घटने लगा है, लेकिन स्थिति सामान्य होने में अभी समय लगने की संभावना है। शनिवार को नदी का जलस्तर 139 मीटर से बढ़कर 146 मीटर तक पहुंच गया था।

जिला कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने बाढ़ से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा करते हुए बताया कि तीन से चार घंटे में 10 से 12 सेंटीमीटर तक बारिश होने के कारण सतना नदी सहित जिले की अन्य नदियां और नाले उफान पर आ गए।

उन्होंने बताया कि कई पुल-पुलियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण चित्रकूट-पिंडरा मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। मझगवां, पिंडरा, बिरसिंहपुर, कोठी और जैतवारा क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत के प्रयास जारी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित