देहरादून , मार्च 21 -- उत्तराखंड में पिछले लगभग 48 घंटों ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में तेज हवा तथा बारिश के कारण चैत्र मास में भी ठंड का प्रकोप बरकरार है। राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश के कारण पहाड़ दरकने से मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। मौसम विभाग ने 26 मार्च तक लगातार ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी और हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चमोली जिले के ज्योर्तिमठ क्षेत्र में भारी बारिश के बाद पहाड़ दरकने लगे हैं। बदरीनाथ राजमार्ग गोविंद घाट के पास पिनोला में बड़े-बड़े पत्थर आने से पूरी तरह बंद है। नीति-मलारी राष्ट्रीय राजमार्ग भी सालधर के पास भूस्खलन के कारण बाधित हो गया है। बर्फबारी के कारण बंद गंगोत्री राजमार्ग को खोलने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से प्रयास किया जा रहा है। यमुनोत्री हाईवे जंगलचट्टी में बंद है। यहां भी राष्ट्रीय राजमार्ग की टीम मार्ग खोलने का प्रयास कर रहा है।

आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार बर्फबारी से बदरीनाथ राजमाग्र कंचन नाले के पास बाधित हो गया। राजमार्ग बंद होने से मजदूर आधे रास्ते से बदरीनाथ लौट गए। धाम में मास्टर प्लान के लिए इस समय 100 से अधिक श्रमिक एवं पीआईयू के अभियंता पहुंचे हुए हैं। धाम में लगातार हो रही बर्फबारी और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन टेंट और टिन शेड में रहने वाले श्रमिकों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है।

कार्यदायी संस्थान पीआईयू ने श्रमिकों को पांडुकेश्वर की तरफ भेजा, लेकिन कंचन नाले के पास हिमखंड आने से हाईवे बाधित हो गया। इस कारण श्रमिकों को वहीं से वापस बदरीनाथ भेज दिया गया।

पीआईयू के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल का कहना है कि श्रमिकों के लिए राजमार्ग को पैदल पार करना जोखिम भरा था। साथ ही लगातार हो रही बारिश से हिमस्खलन का भी खतरा हो सकता है। इसे देखते हुए सभी श्रमिकों को वापस सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। वहीं उप जिलाधिकारी (एसडीएम) ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि राजमार्ग बंद होने से श्रमिक लौट गए हैं। धाम में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। तीन दिनों से जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश-बर्फबारी आज भी जारी रही। बदरीनाथ में लगभग दो फीट और हेमकुंड साहिब में तीन फीट ताजी बर्फ जम गई है। इसके अलावा नीती और माणा घाटी के गांवों में भी बर्फ जम गई है।

शनिवार को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा, गर्जन के साथ बिजली गिरने तथा 3300 मीटर एवं उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है। जबकि देहरादून, टिहरी एवं नैनीताल जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से हल्की वर्षा गर्जन के साथ हो रही है। शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी अनुमान के अनुसार, 22 से 26 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा, गर्जन के साथ बिजली चमकने तथा 3300 मीटर एवं उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होने का अनुमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित