मुंबई , जुलाई 06 -- घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार चौथे दिन तेजी रही और प्रमुख सूचकांक ढाई महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गये।

मजबूत निवेश धारणा के दम पर बीएसई का सेंसेक्स 521.16 अंक (0.67 प्रतिशत) चढ़कर 78,285.07 अंक पर पहुंच गया। यह इस साल 22 अप्रैल के बाद का इसका उच्चतम स्तर है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 159.50 अंक यानी 0.66 प्रतिशत ऊपर 24,430.35 अंक पर बंद हुआ। यह 21 अप्रैल के बाद इसका सबसे ऊंचा बंद स्तर है।

वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.45 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.75 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

ऑटो, धातु, रियल्टी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस, रसायन, निजी बैंक और फार्मा सेक्टरों में तेजी रही। आईटी, सार्वजनिक बैंक और मीडिया सेक्टरों के सूचकांक गिरावट में रहे।

एनएसई में जिन 3,462 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1578 में तेजी और 1,769 में गिरावट रही। अन्य 115 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 16 के शेयर हरे निशान में रहे। एचडीएफसी बैंक का शेयर 3.59 प्रतिशत और महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.02 प्रतिशत की बढ़त में रहा। बीईएल का शेयर 1.79 फीसदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.31 और आईसीआईसीआई बैंक का 1.12 प्रतिशत चढ़ा। भारती एयरटेल, इटरनल, मारुति सुजुकी, सन फार्मा, एशियन पेंट्स, टाइटन, टाटा स्टील, सन फार्मा और एलएंडटी के शेयर भी हरे निशान में रहे।

कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 3.89 प्रतिशत लुढ़क गया। टीसीएस में 1.68 फीसदी और बजाज फिनसर्व का 1.30 प्रतिशत नीचे रहा। पावरग्रिड, अडानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंफोसिस, आईटीसी, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा और इंडिगो के शेयर भी गिरावट में बंद हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित