श्रीगंगानगर , जून 18 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सेतिया कॉलोनी और सुरजीत सिंह कॉलोनी में पिछले चार-पांच दिनों से लगातार हो रही चोरी की वारदातों से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने घरों के बाहर लगे सोलर पैनल की तारें, नल की टोंटियां और गैस पाइपलाइन के पाइप तक चुरा लिए हैं। इन घटनाओं से पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का वातावरण व्याप्त है। कई परिवार गर्मियों की छुट्टियों में घूमने जाने की योजना रद्द कर चुके हैं।

क्षेत्र के निवासियों ने कई बार पुलिस को चोरी की सूचना दी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है, जिससे आमजन की जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बढ़ गयी है।

इस मुद्दे पर एडवोकेट विक्रमजीतसिंह नंदा की अध्यक्षता में गुरुनानक चौक स्थित खन्ना इलेक्ट्रिक के पास आज एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के बाद मोहल्लेवासियों ने एकमत होकर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक पृथ्वीपाल सिंह को ज्ञापन सौंपा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित