लखीसराय , अगस्त 13 -- र घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत गुरुवार को लखीसराय शहर पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित भव्य 'तिरंगा शोभा यात्रा' में 200 फीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ सैकड़ों की संख्या में आम नागरिक, स्कूली बच्चे, युवा और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।
शोभा यात्रा का शुभारंभ थाना चौक स्थित महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद 200 फीट लंबा विशाल तिरंगा लेकर जनसैलाब शहर के मुख्य मार्गों की ओर बढ़ा। यात्रा के दौरान मार्ग में स्थित शहीद द्वार पर रुककर अमर शहीदों को नमन किया गया और उनकी शहादत को श्रद्धांजलि दी गई।
थाना चौक से शुरू होकर यात्रा बाजार समिति प्रांगण पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान देश भक्ति गीतों की गूंज के बीच "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्" और "जय हिन्द" के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। हाथों में तिरंगा थामे स्कूली बच्चों और युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। रास्ते में स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने भी यात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
शोभा यात्रा को संबोधित करते हुएभाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और असंख्य बलिदानों का प्रतीक है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति उनके कर्तव्यों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि आज सैकड़ों लोगों का एक साथ 200 फीट लंबे तिरंगे को लेकर चलना राष्ट्रीय एकता की मिसाल है। जिलाध्यक्ष ने अनुकूल मौसम के लिए प्रकृति का भी आभार व्यक्त किया।
इस यात्रा में भाजपा जिला महामंत्री सनोज साहू, प्रमोद कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष नवीन सिंह, गौतम मंडल, संजय सिंह,मोर्चा अध्यक्ष सोनू चन्द्रवंशी, विकास आनंद, आशा पासवान, जिला मंत्री अभिषेक सिंह, जिले के सभी मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
बाजार समिति में यात्रा के समापन पर महामंत्री सनोज साहू ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन, विद्यालय प्रबंधन, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मीडिया एवं नगरवासियों के प्रति आभार प्रकट किया।
मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने कहा कि लखीसराय की इस तिरंगा यात्रा ने सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति का अनूठा संदेश दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित