लखीसराय , जुलाई 11 -- बिहार के लखीसराय जिले के योग्य दंपतियों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और 'दो बच्चे ही अच्छे' के संदेश को घर-घर पहुंचाने के उद्देश्य से जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के तहत सदर अस्पताल, लखीसराय में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया है।
लखीसराय के सिविल सर्जन डॉ जयप्रकाश सिंह ने आज इस मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एके भारती, डीएस डॉ. कुमार अमित और डीपीएम सुधांशु नारायण लाल, डीसीएम आशुतोष सिंह एवं डीपीसी सुनील कुमार शर्मा उपस्थित थे।
इस मेले के दूसरे चरण में 11 जुलाई से 31 जुलाई तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा' का आयोजन किया गया है, जिसमे लाभार्थियों को परिवार नियोजन के तरीकों से अवगत करने के साथ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इस दौरान तय कार्यक्रम के अनुसार आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को परिवार नियोजन के साधनों के प्रति जागरूक करेंगी और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराएंगी और लोगों को इस बार के लिए जागरूक करेंगी कि लड़कियों की शादी कम से कम 20 वर्ष की आयु के बाद ही होनी चाहिए। शादी के बाद पहले और दूसरे बच्चे के बीच कम से कम तीन साल का अंतर अवश्य रखें। यह भी बताया जा रहा है कि सीमित परिवार, 'दो बच्चे ही अच्छे' के नियम का पालन करें। दो से ज्यादा बच्चे होने पर आर्थिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्या का सामना करना पड़ता हैं।
इस स्वास्थ्य मेले के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि छोटा परिवार ही सुखी परिवार का आधार है, इस थीम पर 11 जुलाई को परिवार नियोजन से संबंधित सेवा लेने वाली तीन लाभार्थियों पूनम कुमारी और फरहीन नाजमी को बुके दे कर सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित