लखीसराय , फरवरी 27 -- बिहार में लखीसराय के जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने शुक्रवार को मध्य विद्यालय मोहम्मदपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 30 के बच्चों के बीच पोशाक का वितरण किया।

यह पोशाक 'जीविका' के सहयोग से विशेष रूप से आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के लिए तैयार कराई गई है।इस अवसर पर कुल 40 बच्चों को नई, आकर्षक एवं गुणवत्तापूर्ण पोशाकें प्रदान की गईं। पोशाक प्राप्त कर बच्चों के चेहरे पर प्रसन्नता स्पष्ट रूप से झलक रही थी।

जिला पदाधिकारी ने बच्चों को स्नेहपूर्वक पोशाक वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने के लिए प्रेरित किया।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास की नींव होती है। इस अवस्था में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पोशाक वितरण जैसी पहल से बच्चों में आत्मविश्वास की भावना विकसित होती है तथा वे अधिक उत्साह के साथ आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ते हैं।

जिला पदाधिकारी ने 'जीविका' की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए पोशाक निर्माण एवं वितरण का यह प्रयास सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) श्रीमती वंदना पाण्डेय, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका श्रीमती अनीता कुमारी, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका, विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित