लखीसराय , फरवरी 27 -- बिहार में लखीसराय के जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने शुक्रवार को सदर अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के क्रम में अस्पताल के प्रांगण में प्रस्तावित आधारभूत संरचना निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान क्रिटिकल केयर ब्लॉक एवं डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर के निर्माण के लिये उपयुक्त स्थान के चयन के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण ऐसे स्थान पर किया जाए, जहां आपातकालीन सेवाओं तक त्वरित पहुंच सुनिश्चित हो सके तथा मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि यह ब्लॉक अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित होगा, जिससे गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समुचित उपचार मिल सकेगा और उन्हें बाहर रेफर करने की आवश्यकता में कमी आएगी। डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर के निर्माण के लिए भी पर्याप्त एवं सुगम स्थान चयन करने का निर्देश दिया गया, जिससे जन्म से लेकर छह वर्ष तक के बच्चों में होने वाली शारीरिक एवं मानसिक विकास संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन एवं संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य की रूपरेखा शीघ्र तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करें तथा सभी प्रक्रियाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित