लखीसराय , मई 21 -- बिहार के लखीसराय जिले में "सहयोग शिविर" से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन तथा उनके अनुश्रवण के उद्देश्य से "सहयोग पोर्टल" के प्रभावी संचालन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान "सहयोग पोर्टल" के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के ऑनलाइन निष्पादन, अद्यतन प्रविष्टि, मॉनिटरिंग तथा समयबद्ध निष्पादन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों को बताया गया कि सहयोग शिविर में प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन सरकार की प्राथमिकता है तथा इसके लिए सभी विभागों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

प्रशिक्षण सत्र में पोर्टल पर शिकायतों की प्रविष्टि, संबंधित विभाग को अग्रसारित करने, निष्पादन प्रतिवेदन अपलोड करने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा संबंधी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही उपस्थित कर्मियों को पोर्टल के तकनीकी संचालन एवं व्यवहारिक उपयोग का भी प्रशिक्षण दिया गया।

इस प्रशिक्षण सत्र में भूमि सुधार उपसमाहर्ता राहुल कुमार, नजारत उपसमाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, सहायक सूचना विज्ञान पदाधिकारी श्रीमती आकांक्षा, आईटी मैनेजर अभिषेक गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों/कर्मियों ने भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित