लखीमपुर खीरी , मई 7 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में गुरुवार सुबह तेज हवा के चलते 33 हजार केवी हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिर जाने से औरंगाबाद पावर हाउस की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई, जिससे करीब 200 गांवों की बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे मैगलगंज क्षेत्र के ग्राम चपरतला स्थित लखनऊ-दिल्ली हाईवे के पास तेज हवा चलने के दौरान एक बड़ा पेड़ 33 हजार लाइन पर गिर गया। इससे हाईटेंशन लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और औरंगाबाद पावर हाउस की सप्लाई बंद करनी पड़ी।

बिजली आपूर्ति ठप होने से क्षेत्र के करीब 200 गांव अंधेरे में डूब गए। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से पेयजल संकट भी उत्पन्न हो गया। स्कूल जाने वाले बच्चों को बिना पानी के तैयार होना पड़ा, जबकि इन्वर्टर और मोबाइल फोन भी डिस्चार्ज हो गए।

ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को चार्जिंग न होने के कारण रोजी-रोटी का संकट झेलना पड़ा। मोबाइल फोन चार्ज न होने से लोगों का संपर्क भी प्रभावित हुआ।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था काफी जर्जर हो चुकी है और हल्की आंधी या बारिश में भी आपूर्ति बाधित हो जाती है। लोगों ने विद्युत विभाग से स्थायी समाधान की मांग करते हुए लाइन दुरुस्त कराने और पेड़ों की नियमित छंटाई कराने की मांग की है।

विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त करने में जुटी रही। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित