लखीमपुर खीरी , मई 8 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना खमरिया क्षेत्र स्थित ऐरा पुल पर ट्रक और ऑटो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक जिला चिकित्सालय पहुंचे तथा घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर करने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित