दंतेवाड़ा , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ में जिला पंचायत दंतेवाड़ा के सभागार में शुक्रवार को आयोजित लखपति दीदी संवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आई 150 से अधिक महिलाओं ने भाग लेकर अपने आजीविका अनुभव साझा किए। कार्यक्रम मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

जिला पीआरओ ने शुक्रवार को बताया कि कार्यक्रम के दौरान लखपति दीदियों ने अपने-अपने स्वरोजगार और आयवर्धन गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि किस तरह उन्होंने छोटे स्तर से शुरुआत कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। इन महिलाओं ने कृषि आधारित कार्यों, लघु उद्योग, पशुपालन तथा अन्य आजीविका गतिविधियों के माध्यम से अपनी आय बढ़ाने के अनुभव साझा किए, जिससे अन्य उपस्थित महिलाओं को भी प्रेरणा मिली।

संवाद कार्यक्रम में जयंत नाहटा ने प्रतिभागियों की बातों को गंभीरता से सुना और उनकी समस्याओं तथा आवश्यकताओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन महिलाओं के आजीविका कार्यों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और आवश्यकतानुसार हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लखपति दीदियों की मांगों और सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध कर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक नितेश कुमार देवांगन, उमेश पाल, बालनरेश राव सहित विभिन्न विकासखंडों के परियोजना प्रबंधक, क्षेत्रीय समन्वयक और पीआरपी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान के साथ आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में सकारात्मक पहल देखने को मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित