लखनऊ , जून 12 -- उत्तर प्रदेश के विकास इतिहास में 15 जून एक महत्वपूर्ण दिन के रूप में दर्ज होने जा रहा है, जब लखनऊ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए पहली कमर्शियल उड़ान संचालित होगी। इस ऐतिहासिक उड़ान में शामिल होने के लिए नोएडा के 75 प्रमुख कारोबारी परिवार रविवार को लखनऊ पहुंचेंगे और अगले दिन सुबह इस पहली उड़ान के यात्री बनेंगे। यह पहल सीआरसी ग्रुप की ओर से की गई है। कंपनी के अनुसार यह यात्रा केवल एक विमान सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के सबसे महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन का उत्सव है।
इन 75 परिवारों में रियल एस्टेट, मैन्युफैक्चरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षा, हॉस्पिटैलिटी और सेवा क्षेत्र से जुड़े प्रमुख उद्योगपति शामिल हैं, जिनका नोएडा और आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
सीआरसी ग्रुप के निदेशक (बिजनेस मैनेजमेंट एवं मार्केटिंग) सलिल कुमार ने कहा कि नोएडा की विकास यात्रा तेजी से आगे बढ़ रही है और देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट इस क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाई देगा। उन्होंने कहा कि यह उड़ान प्रदेश के आर्थिक विकास, निवेश और वैश्विक पहचान की नई उड़ान का प्रतीक बनेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि एयरपोर्ट के संचालन से ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी), उद्योगों और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों की रुचि क्षेत्र में और बढ़ेगी। इससे निवेश, रोजगार, पर्यटन, लॉजिस्टिक्स और रियल एस्टेट क्षेत्र को नई गति मिलेगी।
व्यापार जगत का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी तथा प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित