मुरादाबाद , मई 12 -- लखनऊ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार के लिए रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा कांकॉर्स निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस निर्माण के चलते 15 मई से 23 जून तक कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि निर्माण कार्य के दौरान कुछ ट्रेनों का शॉर्ट टर्मिनेशन, ओरिजिनेशन और मार्ग परिवर्तन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 54338 शाहजहांपुर-लखनऊ पैसेंजर तथा गाड़ी संख्या 54332 बालामऊ-लखनऊ पैसेंजर 15 मई से 23 जून तक लखनऊ स्टेशन के बजाय आलमनगर स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेंगी।
इसी प्रकार वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 54337 लखनऊ-शाहजहांपुर पैसेंजर और गाड़ी संख्या 54331 लखनऊ-बालामऊ पैसेंजर लखनऊ स्टेशन के स्थान पर आलमनगर स्टेशन से संचालित की जाएंगी। इसके अलावा बरेली-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस (14308) का मार्ग भी अस्थायी रूप से परिवर्तित किया गया है। यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग आलमनगर-लखनऊ-उतरेटिया के बजाय आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेटिया होकर चलाई जाएगी। इस दौरान ट्रेन का लखनऊ स्टेशन पर ठहराव निरस्त रहेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए आलमनगर और उतरेटिया स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव प्रदान किया जाएगा।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले हेल्पलाइन नंबर 139 अथवा रेलवे की आधिकारिक सूचना प्रणाली के माध्यम से अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित