लखनऊ , मई 30 -- नगर निगम लखनऊ ने गृहकर जमा करने वाले करदाताओं के लिए विशेष छूट का लाभ उठाने के लिये 31 मई तक का अंतिम अवसर प्रदान किया है। वर्तमान में ऑनलाइन माध्यम से गृहकर जमा करने पर 8 प्रतिशत तथा ऑफलाइन भुगतान करने पर 6 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह ने बताया कि एक जून से छूट की दरों में कमी कर दी जाएगी। इसके बाद ऑनलाइन भुगतान पर 5 प्रतिशत तथा ऑफलाइन भुगतान पर 4 प्रतिशत की ही छूट उपलब्ध होगी। उन्होंने करदाताओं से अपील की है कि वे 31 मई तक गृहकर जमा कर अधिकतम छूट का लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा को देखते हुए नगर निगम के सभी जोनल कार्यालय रविवार 31 मई को भी खुले रहेंगे। कार्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक गृहकर जमा करने के साथ-साथ जनगणना से संबंधित कार्यों का भी निस्तारण किया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार जो करदाता ऑनलाइन भुगतान नहीं कर पा रहे हैं, वे जोनल कार्यालयों में स्थापित काउंटरों पर जाकर ऑफलाइन माध्यम से गृहकर जमा कर सकते हैं। 31 मई तक ऑफलाइन भुगतान पर 6 प्रतिशत की छूट मिलेगी, जो एक जून से घटकर 4 प्रतिशत रह जाएगी।
नगर निगम ने नागरिकों को ऑनलाइन भुगतान के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा है कि करदाता घर बैठे नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट लखनऊ नगर निगम के माध्यम से आसानी से गृहकर जमा कर सकते हैं। अधिकारियों ने अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते भुगतान करने की सलाह दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित