लखनऊ , अप्रैल 10 -- लखनऊ के थाना कृष्णानगर क्षेत्र में गुरुवार देर रात्रि पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी शातिर अपराधी विपिन को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विपिन पुत्र गंगाराम, निवासी उन्नाव के रूप में हुई है। जबकि मामले में सहअभियुक्त कुलदीप यादव अभी भी फरार है। दोनों ही अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।विपिन के खिलाफ लखनऊ कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगेस्टर एक्ट सहित कुल 20 मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने विपिन के पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, सोने जैसी धातु की चेन व अंगूठियां व एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, फरवरी माह में कृष्णानगर क्षेत्र में चोरी की तीन बड़ी घटनाएं हुई थीं। इन मामलों के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया और करीब 500 सीसीटीवी फुटेज व अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। जांच में तीन आरोपियों की पहचान हुई, जिनमें से एक को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि विपिन और कुलदीप फरार चल रहे थे।
बीती देर रात्रि डूडा कॉलोनी, मानसनगर रोड (आशाराम बापू आश्रम के पास) चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा और गिरते हुए पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित