लखनऊ , फरवरी 10 -- राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत लखनऊ में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) का आयोजन किया गया। माल ब्लॉक को छोड़कर सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में अभियान संचालित हुआ, जिसके तहत एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कृमि मुक्ति की दवा एल्बेंडाजोल खिलाई गई।

इस क्रम में नेशनल इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का शुभारंभ मुकेश शर्मा, विधान परिषद सदस्य, ने बच्चों को एल्बेंडाजोल खिलाकर किया। उन्होंने कहा कि पेट में कीड़े बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में बड़ी बाधा बनते हैं, जिससे कमजोरी, एनीमिया और पढ़ाई में पिछड़ने जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। सरकार की मंशा बच्चों को स्वस्थ एवं सुपोषित रखना है ताकि वे सशक्त और सक्षम नागरिक बन सकें। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को एल्बेंडाजोल अवश्य खिलाएं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि 10 फरवरी को जनपद के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को एल्बेंडाजोल दी जाएगी। यह अभियान शिक्षा एवं आईसीडीएस विभाग के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों को विद्यालयों के माध्यम से तथा स्कूल न जाने वाले बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए दवा उपलब्ध कराई जाएगी। जो बच्चे मंगलवार को दवा सेवन से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 13 फरवरी को आयोजित मॉप-अप राउंड में दवा दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित