लखनऊ , अप्रैल 21 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत जोनल कार्यशाला का आयोजन मंगलवार से एसआरएस कॉलेज लखनऊ में किया जा रहा है। इस कार्यशाला में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार के संगठन के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
कार्यशाला की जानकारी देते हुए सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि कार्यशाला का शुभारंभ राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) शिव प्रकाश की उपस्थिति में होगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही राष्ट्रीय मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय कुमार के साथ-साथ बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) भीखूभाई डलसानिया भी शिरकत करेंगे। इस जोनल कार्यशाला का उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करना है। कार्यक्रम में तीनों राज्यों के प्रतिनिधियों के बीच समन्वय और संगठन विस्तार पर विशेष चर्चा होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित