लखनऊ , अप्रैल 21 -- उत्तर प्रदेश की राजधानी में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से महिला आरक्षण बिल के समर्थन में 'महिला जन आक्रोश रैली' आयोजित की गई। योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में यह पदयात्रा मुख्यमंत्री आवास (कालीदास मार्ग) से शुरू होकर विधान भवन तक निकाली गई।

पदयात्रा में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी शामिल रहे। इसके अलावा महिला आयोग की अध्यक्ष व आयोग की टीम और सरकार के कई मंत्री भी पदयात्रा में मौजूद रहे।

भाजपा महिला मोर्चा की सैकड़ों कार्यकर्ताओं समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने इस मार्च में भागीदारी की। शहर के लगभग सभी वार्डों से महिलाओं की उपस्थिति देखने को मिली, जिससे यह रैली एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में सामने आई। पार्टी नेताओं के अनुसार, यह पदयात्रा 'आधी आबादी' के अधिकारों की लड़ाई को लेकर निकाली गई है और इसका उद्देश्य महिला आरक्षण बिल के समर्थन में जनसमर्थन जुटाना है।

संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक के पारित न होने के बाद भाजपा ने विपक्ष के खिलाफ देशभर में अभियान चलाने का ऐलान किया था, जिसके तहत यह रैली आयोजित की गई। पदयात्रा सीएम आवास से निकलकर सिविल अस्पताल मार्ग होते हुए विधानसभा पहुंची, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित किया।

भाजपा ने संकेत दिए हैं कि इस मुद्दे पर ब्लॉक स्तर से लेकर जिला मुख्यालयों तक इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित कर राजनीतिक माहौल को तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित