लखनऊ , मार्च 30 -- लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र स्थित खांडेदेव गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बड़े भाई ने सो रहे छोटे भाई की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। घटना रविवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

मृतक की पहचान आलोक उर्फ गोलू (24) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बड़ा भाई श्रवण गौतम (30) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों ने रविवार रात शराब पी थी, जिसके बाद किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान श्रवण ने मां को लेकर अपशब्द कहे, जिस पर आलोक ने नाराज होकर उसे धमकी दी कि अगर वह बड़ा न होता तो उसे मार डालता।

परिवार के अन्य सदस्यों ने बीचबचाव कर दोनों को शांत कराया, जिसके बाद श्रवण छत पर सोने चला गया और आलोक अपने कमरे में सो गया। देर रात श्रवण नीचे उतरा और लोहे की रॉड लेकर सो रहे आलोक के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सोमवार तड़के करीब 5:30 बजे मां यशोदा देवी जब बेटे को जगाने पहुंचीं तो उसका खून से लथपथ शव देखकर बिलख पड़ीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित