लखनऊ , जून 22 -- समाजवादी पार्टी ( सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अलीगंज के कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

श्री यादव ने बयान जारी कर कहा कि लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि। जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

सपा प्रमुख ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा, "बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे। भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए।"गौरतलब है कि सोमवार दोपहर अलीगंज स्थित एक कोचिंग संस्थान में भीषण आग लग गई थी। हादसे में कई छात्र घायल हुए और कुछ के अंदर फंसे होने की आशंका जताई गई थी। जान बचाने के लिए कई छात्र दूसरी मंजिल से नीचे कूद गए थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेकर राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। बसपा प्रमुख मायावती ने भी इस हादसे को अति-दुखद बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित