लखनऊ , जून 24 -- अलीगंज कोचिंग अग्निकांड के बाद नींद से जागे लखनऊ विकास प्राधिकरण (लविप्रा) ने हजरतगंज में बुधवार देर शाम नीट,आईआईटी जेईई की तैयारी कराने वाले दो बड़े कोचिंग सेंटर- एलन और मोशन को सील कर दिया।

प्राधिकरण के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि दोनों कोचिंग सेंटरों को पहले फायर सेफ्टी और बिल्डिंग बायलॉज उल्लंघन पर नोटिस दिया गया। जवाब संतोषजनक न मिलने पर कुछ घंटों के भीतर ही सील करने की प्रक्रिया पूरी कर दी गई। सिंह ने कहा, "हजरतगंज में अगल-बगल की कई इमारतों को भी नोटिस दिया गया है। उन्हें वार्निंग दी गई है। नियमों का पालन न करने पर उनको भी सील किया जाएगा।"सोमवार को अलीगंज में कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 छात्रों की मौत के बाद एलडीए लगातार कोचिंग सेंटरों की जांच कर रहा है। बिना एनओसी, फायर सेफ्टी उपकरणों के अभाव और अवैध निर्माण वाले संस्थानों पर कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक कोचिंग सेंटर के लिए एलडीए से कमर्शियल यूज की परमिशन जरूरी होती है। फायर एनओसी और इमरजेंसी एग्जिट अनिवार्य होता है जबकि बच्चों वाले संस्थानों में छह मीटर चौड़ी सड़क का नियम बनाया गया है।

प्राधिकरण ने शहर के सभी कोचिंग संचालकों को तीन दिन में दस्तावेज जमा करने के निर्देश दिए हैं। नियम तोड़ने वालों पर एफआईआर और बुलडोजर की कार्रवाई भी हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित