लखनऊ/सुल्तानपुर 18मार्च (वार्ता) उत्तर प्रदेश में बुधवार को लखनऊ के क्षेत्रीय पासपोर्ट दफ्तर और सुल्तानपुर के डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। इन दोनों जगहों पर ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई थी। हालांकि जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को मौके से कुछ भी नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस की साइबर टीम ईमेल भेजने वाले के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है।

लखनऊ के गोमतीनगर स्थित पासपोर्ट दफ्तर को धमकी भरा ईमेल के जरिये मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बम पहचान एवं निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) की टीम मौके पर पहुंच कर पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर सघन तलाशी अभियान चलाया ।

एहतियातन तौर पर कार्यालय में आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी गई और वहां मौजूद हर व्यक्ति तथा सामान की गहन जांच की गई। हालांकि जांच के बाद किसी भी संदिग्ध वस्तु के न मिलने की पुष्टि हुई।

वहीं कुछ ही देर बाद सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला। सूचना मिलते ही सिटी सीओ और नगर कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।

पूरे परिसर को तुरंत सील कर दिया गया और डॉग स्क्वॉड की मदद से चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। सुरक्षा के मद्देनजर डाकघर में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को बाहर निकाल लिया गया। हालांकि यहां भी मौके से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नही हुई है।

पुलिस प्रशासन दोनों धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है। साइबर सेल की टीम ईमेल आईडी, आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि धमकी देने वालों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित