हरिद्वार , सितंबर, 24 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को कोतवाली लक्सर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीमों ने क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कोतवाली लक्सर पुलिस को विशेष निगरानी और चेकिंग के निर्देश दिए गए थे। इसके अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक लक्सर ने थाना क्षेत्र में अलग-अलग पुलिस टीमों को सक्रिय करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए।

इसी कड़ी में पुलिस टीमों ने लक्सर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में तीन व्यक्तियों को अवैध कच्ची शराब के साथ दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुमीत पुत्र लाल सिंह निवासी हरचंदपुर, रोहित पुत्र करण सिंह निवासी पीतपुर तथा असलम पुत्र अली मोहम्मद निवासी मोहम्मदपुर कुन्हारी, लक्सर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली लक्सर में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित