ऋषिकेश , अगस्त, 07 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश स्थित गीता भवन घाट संख्या-3 पर ड्यूटी के दौरान शुक्रवार को एसडीआरएफ के हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश कुकरेती ने अदम्य साहस एवं त्वरित सूझबूझ का परिचय देते हुए गंगा नदी की तेज धारा में बह रहे एक कांवड़िए का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुणाल, निवासी जनकपुरी, नई दिल्ली,"कांवड़ यात्रा के दौरान गीता भवन घाट संख्या-3 पर गंगाजल भर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वे गंगा नदी की तेज धारा में बहने लगे। तेज बहाव के कारण उनकी जान पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया।

घाट पर ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश कुकरेती की नजर जैसे ही बहते हुए कांवड़िए पर पड़ी, उन्होंने बिना समय गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा नदी में छलांग लगा दी। कठिन परिस्थितियों और तेज धारा का सामना करते हुए उन्होंने कांवड़िए तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित