दरभंगा , अगस्त 10 -- बिहार के दरभंगा जिले में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में विभिन्न मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित मामलों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने देने का निर्देश दिया।

बैठक में अभियान बसेरा के तहत पर्चा वितरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए श्री कुमार ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में पर्चा वितरण सुनिश्चित करने तथा संबंधित विवरण पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को जिले के सभी प्रखंड एवं अंचल स्तर पर पर्चा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।

राशन कार्ड निर्माण की समीक्षा के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि जिले में अब तक 8,500 से अधिक राशन कार्ड बनाए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने आज शाम तक 10 हजार से अधिक राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर पात्र लाभुकों को समय पर राशन कार्ड उपलब्ध कराने को कहा।

आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिन स्थानों पर भूमि का चिन्हीकरण नहीं हुआ है, वहां शीघ्र भूमि चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि की अनुपलब्धता के कारण निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

पंचायत सरकार भवन निर्माण की समीक्षा के दौरान उन्होंने भूमि संबंधी अथवा अन्य कारणों से लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कराने का निर्देश दिया। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों एवं भूमि सुधार उप समाहर्ताओं को निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कर जल्द निर्माण शुरू कराने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई करें। उन्होंने जन शिकायतों एवं न्यायिक मामलों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने देने की हिदायत दी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं एवं कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए अधिकारी आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने जन शिकायतों एवं न्यायिक मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब पर सख्त नाराजगी जताते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।

बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशिष अमन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित