भोपाल , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ (सहकारी मर्यादित) के भोपाल स्थित कार्यालय के बाहर हलाली डैम से जुड़े सैकड़ों मछुआरों ने लंबित भुगतान और विभिन्न योजनाओं की राशि जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय का घेराव कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

प्रदर्शन कर रहे मछुआरों का कहना था कि प्रत्येक वर्ष जुलाई माह में मिलने वाली डिफर्ड वेज की राशि इस बार अब तक जारी नहीं की गई है। इसके अलावा 80-20 नाव-जाल योजना, मीनाक्षी विवाह योजना, मृत्यु सहायता राशि तथा प्रोत्साहन योजना सहित अन्य योजनाओं का भुगतान भी लंबे समय से लंबित है, जिससे मछुआरा परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

मछुआरों ने आरोप लगाया कि भुगतान के लिए उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगवाए जा रहे हैं। कभी नए दस्तावेजों की मांग तो कभी अधिकारियों की अनुपस्थिति का हवाला देकर उन्हें टाल दिया जाता है। उनका कहना है कि भुगतान में देरी के कारण बच्चों की पढ़ाई, घरेलू खर्च, इलाज और बैंक की किस्तों का भुगतान प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शन के दौरान मछुआरों ने मत्स्य महासंघ के मुख्य महाप्रबंधक रवि गजभिए को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि हलाली डैम की मछुआरा समितियों को पूर्व में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जा चुका है और मुख्यमंत्री भी उनके कार्यों की सराहना कर चुके हैं, लेकिन आज उन्हें अपनी ही मेहनत की कमाई के लिए भटकना पड़ रहा है।

मछुआरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे मुख्यमंत्री, मत्स्य पालन मंत्री और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष मामला उठाते हुए आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित