भोपाल , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए लंबित भर्तियों को निर्धारित समय-सीमा में शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं में मानव संसाधन की कमी को तेजी से दूर किया जा सकेगा।
मंत्रालय में आयोजित बैठक में उप मुख्यमंत्री ने विभागीय भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारी चयन बोर्ड और मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। साथ ही प्रशासनिक और तकनीकी औपचारिकताओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल सहायक के रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए प्रस्ताव शीघ्र कर्मचारी चयन बोर्ड को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन पदों की पूर्ति स्वास्थ्य संस्थानों के सुचारू संचालन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग टीचरों की नियुक्ति प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने योग्य और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इस प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए योजनाबद्ध और चरणबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश भी दिए। बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित