सोनीपत , जुलाई 10 -- एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले युवा पहलवान रौनक दहिया ने शुक्रवार को हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान बडोली ने रौनक को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मोहन लाल बडोली ने कहा कि खिलाड़ियों का सम्मान करना राष्ट्र का सम्मान करने के समान है। उन्होंने रौनक दहिया को हरियाणा का गौरव बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि ने न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा लंबे समय से खेल प्रतिभाओं की धरती रहा है और विशेष रूप से कुश्ती में यहां के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन दोनों ही खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बडोली ने विश्वास जताया कि रौनक दहिया की सफलता प्रदेश के लाखों युवा खिलाड़ियों और पहलवानों को प्रेरित करेगी तथा वे भविष्य में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम और ऊंचा करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित