कैलिफ़ोर्निया (अमेरिका) , जून 26 -- भारत के 18 वर्षीय शटलर रौनक चौहान और स्टार खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज करते हुए यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के अगले दौर में जगह बना ली है।

रौनक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीनी ताइपे के दुनिया के नंबर 6 खिलाड़ी चाउ टिएन चेन को चौंकाते हुए यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट से बहर कर दिया। वहीं स्टार भारतीय खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने मलेशिया के ली जी जिया को हराकर अगले दौर में जगह बना ली है।

बैडमिंटन रैंकिंग में 80वें स्थान पर मौजूद रौनक चौहान ने गुरुवार को पुरुषों के एकल के कड़े मुकाबले वाले दूसरे राउंड के मैच में टॉप सीड चाउ टिएन चेन को 21-17, 26-24 से हराया। यह मैच 49 मिनट तक चला। क्वालीफायर के जरिए मेन ड्रॉ में जगह बनाने वाले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी रौनक पहले गेम में 17-15 से पीछे चल रहे थे, लेकिन फिर लगातार छह पॉइंट जीतकर उन्होंने चौंकाने वाली बढ़त बना ली। दूसरे गेम में भी रौनक ने वापसी की; 12-8 से पिछड़ने के बाद उन्होंने स्कोर 20-20 से बराबर किया। इसके बाद उन्होंने चार गेम पॉइंट बचाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। इस भारतीय युवा खिलाड़ी ने पिछले सप्ता ही मकाऊ ओपन में बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर में पर्दापण किया था और क्वालीफायर से शुरुआत करने के बावजूद प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे। रौनक चौहान ने अपने दूसरे टूर्नामेंट में और बेहतर प्रदर्शन किया है और शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल में उनका सामना इजराइल के मिशा ज़लबरमैन से होगा।

वहीं, 33 साल के किदांबी श्रीकांत ने भी दूसरे राउंड में पेरिस 2024 ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले मलेशिया के ली ज़ी जिया को हराकर टॉप आठ में अपने युवा साथी खिलाड़ी का साथ दिया।

पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 किदांबी श्रीकांत ने ली जी जिया को 28 मिनट में 21-14, 21-13 से हराया और चीनी ताइपे के लियाओ झुओ-फू के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मैच पक्का किया।

वहीं, महिला सिंगल्स में पांचवीं सीड तन्वी शर्मा ने चीनी ताइपे की तुंग सिउ-तोंग को 21-12, 21-19 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई, जबकि रक्षिता रामराज ने चीनी ताइपे की ही एक और शटलर चेन सु यू को 21-4, 21-19 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, तथा देविका सिहाग ने भी थाईलैंड की टोनरुग साएहेंग को 21-17, 21-19 से हराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित