देहरादून , जनवरी 24 -- केन्द्रीय राज्य मंत्री, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय अजय टम्टा ने शनिवार को यहां आयोजित रोजगार मेले में चयनित 253 युवाओं नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के 45 केन्द्रों पर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य के साथ आयोजित रोजगार मेला का आयोजन आज उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी किया गया।
श्री अजय टम्टा ने भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आइटीबीपी) के सीमाद्वार स्थित परिसर में हुए इस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर अपने सम्बोधन में कहा कि आज देशभर में आयोजित समारोह में कुल 61 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोज़गार देने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए इस तरह के रोज़गार मेलों के आयोजनों की शुरुआत की गई है। जिनमें चयनित युवाओं को प्रशिक्षण दिया जायेगा और उसके बाद उनकी तैनाती होगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से नव नियुक्त युवाओं को बधाई दी और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के अथक प्रयासों से विभिन्न विभागों में तत्परता से कार्य हो रहा है, जिसके फलस्वरूप रोजगार मेले जैसी मुहिम से सरकारी नौकरियों में युवाओं को अवसर प्राप्त हो रहे है।
इस रोजगार मेले के माध्यम से विभिन्न केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल एवं अन्य संगठनों आइटीबीपी, सीमा सुरक्षा बल, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, असम राइफल्स, डी.एफ.एस., एफ.एस.आई. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्था (ऋषिकेश) एवं इसरो में चयनित 253 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इससे पहले प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से युवाओं को उनकी नियुक्ति पर शुभकामनाएं एवं बधाई भी दी गईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित