मुंबई , अगस्त 18 -- अमेजन प्राइम वीडियो की बहुप्रतीक्षित सीरीज 'द रेवोल्यूशनरीज' की नई झलक में अभिनेता रोहित सराफ स्वतंत्रता सेनानी सचिंद्र नाथ सान्याल के किरदार में दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं।मेकर्स की ओर से जारी क्लिप में रोहित का किरदार आजादी के लिए जुनून और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का जज्बा दिखाता है। वह कहते हैं, "जुनून को जिंदा रखा, मौत से बेखौफ टकराया, मकसद से कभी ना हटा। गदर मचाने सबसे आगे, सरफिरे - द रेवोल्यूशनरीज।"सीरीज उन युवा भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों की कहानी पर आधारित है, जो अंग्रेजों के शासन को खत्म करने के लिए सशस्त्र संघर्ष को जरूरी मानते थे। नई झलक में रोहित अपने अब तक के बॉय-नेक्स्ट-डोर अंदाज से बिल्कुल अलग दिखाई दे रहे हैं।

सचिंद्र नाथ सान्याल के किरदार के लिए रोहित ने अपने लुक में भी बड़ा बदलाव किया है। मस्कुलर बॉडी, मूंछों और आजादी के दौर से प्रेरित परिधान में अभिनेता अपने किरदार में पूरी तरह ढले नजर आ रहे हैं।

निखिल आडवाणी के निर्देशन में बनी 'द रेवोल्यूशनरीज' में रोहित सराफ के साथ भुवन बाम, प्रतिभा रांटा, गुरफतेह पीरजादा और जेसन शाह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज 11 सितंबर से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित