लखनऊ , फरवरी 16 -- अंतर्राष्ट्रीय कुख्यात अपराधी शुभम लोनकर गैंग द्वारा प्रसिद्ध फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास पर की गई फायरिंग के मामले में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ और मुंबई पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्य शूटर समेत सात अभियुक्तों को हरियाणा, आगरा और नोएडा से गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ के अनुसार, एक फरवरी 2026 की रात करीब 12:45 बजे मुंबई के जुहू स्थित शेट्टी टावर पर शुभम लोनकर गैंग के शूटरों ने दहशत और रंगदारी के उद्देश्य से अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस घटना से फिल्म उद्योग और आमजन में भय का माहौल पैदा करने की कोशिश की गई थी। मामले में थाना जुहू, मुंबई में भारतीय न्याय संहिता, महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

गिरफ्तार अभियुक्तों में मुख्य शूटर दीपक (24), सनी (23), सोनू (23), रितिक (22), विष्णु कुशवाहा (26) निवासी आगरा, जतिन भारद्वाज (24) निवासी गौतमबुद्धनगर और विशाल निवासी इटावा शामिल हैं। एसटीएफ ने मुख्य शूटर दीपक और उसके साथियों को हरियाणा के झज्जर से गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपियों को आगरा और साहिबाबाद से पकड़ा।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्हें विष्णु कुशवाहा के माध्यम से शुभम लोनकर गैंग से जुड़े गोलू पंडित ने यह काम सौंपा था। गैंग के प्रभाव और सोशल मीडिया पर उनके महिमामंडन से प्रभावित होकर आरोपियों ने अपराध की दुनिया में पहचान बनाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। घटना से पहले आरोपियों ने मुंबई जाकर कई बार रेकी की और गैंग द्वारा उपलब्ध कराई गई सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल से फायरिंग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित