जयपुर , दिसम्बर 14 -- राजस्थान में सीकर जिले के रामगढ़ सेठान थाना क्षेत्र में पुलिस ने कुख्यात सरगना रोहित गोदारा और राहुल रिणाउ के गिरोह के आठ गुर्गों को गिरफ्तार किया है।

जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एच.जी. राघवेन्द्र सुहास ने रविवार को बताया कि 11 दिसम्बर को गिरफ्तार किये गये आठों बदमाशों रामगढ़ सेठान और उसके आसपास के निवासी हैं। इनमें मनोज चांदोलिया (38), मुकेश चांदोलिया (34), योगेश कुमार (40), महेन्द्र सिंह (24), रवि उर्फ आर.के. जाखड़ (28), हरिश छापोलिया (29), जसवंत उर्फ पिन्टू (31) और रितिक जाड़ीवाल (28) शामिल हैं। सभी आरोपी वर्तमान में पुलिस अभिरक्षा में हैं।

उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 107 में किए गए नवीन प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है। इस धारा के तहत अपराधियों द्वारा अपराध से अर्जित की गई संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी गई है। इसके अतिरिक्त गिरोहों और संगठित अपराधों से जुड़े वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए उनके द्वारा 50-50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की प्रक्रिया भी प्रारम्भ कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित