श्रीगंगानगर , जून 11 -- राजस्थान में कुख्यात बदमाश सरगना रोहित गोदारा उर्फ रोहित स्वामी का एक गुर्गा गुरुवार तड़के श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस से हुई मुठभेड़ में घायल हो गया।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने बताया कि तड़के करीब तीन बजे सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुभाषचंद्र ढील और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स में पुलिस निरीक्षक रामविलास बिश्नोई के संयुक्त दल ने पठानवाला के पास शकील अंसारी (26) काे घेर लिया। उसने पुलिस पर हमला किया तो पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि शकील से एक पिस्तौल और एक कारतूस बरामद हुआ है जबकि मौके पर उसके द्वारा पुलिस पर चलाई गई चार गोलियों के खाली खोखे मिले हैं। शकील अंसारी मोटरसाइकिल पर सवार था। उसकी मोटरसाइकिल जब्त कर की गयी है। शकील को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसके खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
श्री यादव ने बताया कि शकील अंसारी पंजाब के लुधियाना शहर में ढंढा खुर्द कस्बे की दुर्गा कॉलोनी का निवासी है। अब तक की जांच में उसका कई वारदातों में लिप्त होना पाया गया है। जिनमें लुधियाना में एक मेडिकल व्यवसायी पर गोलीबारी, चंडीगढ़ में रेकी, दिल्ली में एक वकील पर गोलीबारी करवाने, पंचकूला में गोलीबारी के लिये हथियार और शूटर भेजने। जयपुर में भारी मात्रा में कारतूस और हथियार देने के मामले शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित