कोलंबो , जुलाई 23 -- रोहित यादव ( चार विकेट) और चिगुरपति वेंकटा (तीन विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय अंडर-19 टीम ने दूसरे यूथ टेस्ट मैच के चौथे दिन गुरुवार को श्रीलंका पर 211 रनों की बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।

आर प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका अंडर-19 टीम ने कल के चार विकेट पर 155 रनों से आगे खेलना शुरु किया। भारत को जीत के लिए छह विकेट की जरूरत थी। सुबह के सत्र में 18वें ओवर तक उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। विमत दिनसारा और काविजा गामागे ने पांचवें विकेट के लिए 26.3 ओवर में 40 रन की जुझारू साझेदारी की। प्रणव राघवेंद्र ने यह साझेदारी तोड़ी और श्रीलंका के कप्तान दिनसारा को 129 गेंदों पर 64 रन बनाकर आउट किया।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कविजा गमागे ने पारी को संभालने का प्रयास किया।इसके बाद भारत को आख़िरी पांच विकेट लेने के लिए ज़्यादा इंतज़ार नहीं करना पड़ा। अगले 23.1 ओवर में श्रीलंका के शेष पांचों विकेट झटक लिये। 60वें ओवर की पहली गेंद पर रोहित यादव ने दुलनित सिगेरा (15) का शिकार कर लिया। इसी ओवर की चौथी गेंद पर यादव ने जेसन फ़र्नांडो (शून्य) का भी शिकार कर लिया। 72 ओवर में कविजा गमागे (36) को पगबाधा आउटकर पवेलियन भेज दिया। मैच के अंत में सेतमिका सेनेविरत्ने ने कुछ आक्रामक शॉट खेले। उन्होंने 49 गेंदों पर 42 रन की पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया। 77वें ओवर की पांचवी गेंद पर जगनाथन हेमचुदेशन ने सेतमिका सेनेविरत्ने (42) रन को आउट कर श्रीलंका की दूसरी पारी का 260 रन के स्कोर पर अंत कर दिया। इसी के साथ भारत ने यह मुकाबला 211 रनों से अपने नाम कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित