सासाराम , अप्रैल 25 -- बिहार में रोहतास जिले के अगरेर थाना क्षेत्र में शनिवार को पिकअप वैन और ट्रक के बीच हुई टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी तथा छह अन्य घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रामगढ़ गांव के समीप मोकर पुल के निकट सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में एक पिकअप वैन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पिकअप वैन पर सवार एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नोखा थाना क्षेत्र के लालगंज निवासी राजकुमार चौधरी ( 25) के रूप में की गयी है। इस घटना में दो महिला सहित छह लोग घायल हो गए हैं।

सूत्रों ने बताया कि घायलों को सासाराम के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दो सप्ताह पहले ही राजकुमार चौधरी के शादी हुई थी। पिकअप पर सवार लोग रोहतास के अकबरपुर से एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान यह घटना हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित