सासाराम , मई 14 -- बिहार में रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी तथा दो अन्य घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रमडिहरा गांव के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान तिलौथू प्रखंड के रामडिहरा गांव निवासी बिहारी सिंह के पुत्र गटूरा कुमार के रूप में हुई है। गटूरा अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से सासाराम की ओर जा रहा था, तभी रमडिहरा के पास बाइक अनियंत्रित होकर सीधे बिजली के खंभे से टकरा गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सासाराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की सूचना मिलते ही तिलौथू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित