सासाराम , अक्टूबर 07 -- बिहार के रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या छह स्थित बिचली गली में युवक कृष्णा सेठ ने आत्महत्या कर ली।पुलिस सूत्रों के अनुसार, आत्महत्या से पहले कृष्णा ने करीब तीन मिनट का एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पत्नी, सास और ससुराल के अन्य लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। वीडियो में उसने पत्नी द्वारा बार-बार मायके चले जाने तथा उसे लाने जाने पर ससुराल वालों द्वारा कथित रूप से मारपीट किये जाने का आरोप लगाया है। उसने अपनी संपत्ति अपनी मां शांति देवी को देने और पत्नी को उसमें हिस्सा नहीं देने की बात भी कही है।

मृतक ने वीडियो में अपनी दो वर्षीय पुत्री को लेकर भी चिंता जतायी और कहा कि उसका भाई बच्ची का पालन-पोषण करेगा। बताया जाता है कि कृष्णा का ससुराल बक्सर जिले के सिकरौर में है।

सूचना मिलने पर सूर्यपुरा की प्रभारी थानाध्यक्ष अनामिका सुधा मौके पर पहुंचीं और शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल)की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

बिक्रमगंज के एसडीपीओ शंभू शेखर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक की मां के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित