डेहरी आन सोन , फरवरी 05 -- बिहार के रोहतास जिले के सासाराम मुफसिल थाना के डुमरिया गांव में हुए दोहरे हत्याकांड मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी पप्पू सिंह उर्फ विनय कुमार सिंह समेत छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी पप्पू सिंह ने पुलिस की दबिश के कारण शनिवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की।

पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 25 जनवरी को सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव में विनय कुमार प्रजापति और रूपेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड की मुख्य वजह जमीन विवाद थी। मृतक विनय कुमार प्रजापति का आरोपी अरुण कुमार और दिलीप सिंह के साथ जमीन विवाद चल रहा था, जिसमें पप्पू सिंह अपना वर्चस्व कायम कर जमीन हासिल करना चाहता था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने इस कांड में संलिप्त पप्पू सिंह के पांच सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें अरुण कुमार ,दिलीप सिंह, विशाल कुमार ,आशीष रंजन उर्फ मन्नु और छोटु कुमार शामिल है।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी एक-नाली बंदूक,तीन कारतूस,एक स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद की है।

उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी पप्पू सिंह पेशेवर अपराधी है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित