सासाराम, मई 04 -- बिहार में रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी तथा उसके भाई को घायल कर दिया। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कैमूर जिले के अधौरा थाना क्षेत्र के मड़कन गांव निवासी पप्पू सिंह तथा उनके भाई वकील सिंह रविवार की रात एक तिलक समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान गिरधरिया गांव के समीप पूर्व से घात लगाए अपराधियों ने उनपर हमला कर दिया। अपराधियों ने चाकू मारकर पप्पू सिंह की हत्या कर दी तथा उनके भाई वकील सिंह को घायल कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद वकील सिंह को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है कि 18 अप्रैल को भी इन लोगों के साथ मारपीट की गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित