सासाराम, मई 18 -- बिहार के रोहतास जिले में सासाराम स्टेशन पर खड़ी खाली पैसेंजर ट्रेन के एक कोच से धुआं निकलने की घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति पर काबू पा लिया गया। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने सोमवार को बताया कि आज सुबह लगभग 05:30 बजे सासाराम स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 06 पर खड़ी गाड़ी संख्या 53212 डाउन सासाराम- पटना पैसेंजर ट्रेन के एक कोच से धुआं निकलने की सूचना प्राप्त हुई। उस समय ट्रेन प्लेटफॉर्म पर स्थिर अवस्था में थी तथा कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था।
श्री चन्द्र ने बताया कि सूचना मिलते ही रेलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए धुआं निकल रहे कोच को लगभग 06:00 बजे अलग किया और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित कर मौके पर बुलाया गया। इसके बाद रेलकर्मियों और फायर ब्रिगेड के संयुक्त प्रयास से 06:05 बजे स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी भी यात्री अथवा रेलकर्मी को कोई क्षति नहीं हुई है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित